Saturday 7 July 2012

विधायक-चेयरमैन ने भरी हुंकार

विशेष राज्य के दर्जे की अनदेखी से लोग खफा
बेलसंड।
विधायक सुनीता सिंह चौहान की अध्यक्षता में अनुमंडल मुख्यालय में अधिकार रैली की सफल के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक शुक्रवार को संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को केन्द्र सरकार द्वारा जानबूझकर अनदेखी की जा रही है। राज्य के बंटवारा के समय से ही सब यह मांग करते आ रहे हैं। इस संबंध में सारी अर्हता पूरी करने के बावजूद इसकी उपेक्षा कर बिहार के विकास को अवरुद्ध करने की साजिश की जा रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संघर्ष को तेज करने के लिए अधिकार रैली के आयोजन का कार्यक्रम तय किया है। नगर पंचायत अध्यक्ष नागेन्द्र झा ने  इस कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील कार्यकर्ताओं से की। मौके पर उपस्थित किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा रंधीर सिंह चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीतामढ़ी एवं शिवहर जिला के लिए मंत्री शाहीद अली खान को प्रभारी बनाया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष झा ने कहा कि बेलसंड की जनता इस प्रयास में हर कदम पर साथ है। यह मेरा मन कहता है। इसके लिए बेलसंड का प्रत्येक व्यक्ति राज्य सरकार के साथ कदम-से-कदम मिलाकर चलने को तैयार है। सभी सदस्यों एवं वरीय कार्यकर्ताओं की बैठक 8 जुलाई को सीतामढ़ी लक्ष्मी किशोरी उच्च विद्यालय के प्रांगण में बुलाई गई है। इस बैठक में प्रखंडवार रैली निकालने की तिथि निर्धारित की जाएगी। उन्होंने बेलसंड में अधिकार रैली को सफल बनाने के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष नागेन्द्र झा, प्रमुख अनिल कुमार गुप्ता, कौशल किशोर सिंह, श्याम सहनी, जितेन्द्र गुप्ता, सुरेश प्रसाद, सालिम, जुबैर, इब्राहिम आदि कार्यकर्ताओं को जन अभियान चलाने की जिम्मेवारी दी है।

Tuesday 3 July 2012

नागेन्द्र झा बने जिला नगर निकाय संघ के संगठन सचिव


बेलसंड।  डुमरा नगर पंचायत की ओर से रविवार को पंचायत भवन में नगर निकाय चुनाव में निर्वाचित पार्षदों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मौके पर समारोह के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री सुनील कुमार पिन्टू ने नगर परिषद सीतामढ़ी के साथ बैरगनिया व बेलसंड नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों को माला पहनाकर स्वागत किया। अध्यक्षता डुमरा नगर पंचायत अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री पिन्टू ने पार्षदों को एकजुट होकर नगर के विकास पर ध्यान देने की आवश्यकता जतायी। साथ ही समस्याओं के निदान के लिए एक साथ बैठक कर विचार-विमर्श करने पर बल दिया। मौके पर जिला नगर निकाय संघ का गठन किया गया, जिसके अध्यक्ष डुमरा नगर पंचायत अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल बनाये गये। वहीं द्वय उपाध्यक्ष मो. वसीर अंसारी व युगल किशोर प्रसाद, महासचिव सुवंश राय, सचिव मनोज कुमार यादव तथा संगठन सचिव नागेन्द्र झा बनाए गए। इसके अलावा 16 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें नीलम देवी, जमीरी लाल साह, नूतन देवी, विश्वनाथ प्रसाद गुप्ता, श्याम राज, गजेन्द्र प्रसाद यादव, अनंत कुमार सिंह, अमरेन्द्र कुमार सिंह, उपेन्द्र कुमार, विजय कुमार मिश्र, इरसाद अहमद, नूरजहा आलम, एकरामूल निशा, सुनील कुमार अकेला शामिल है। संघ सोमवार को सभी निकायों की समस्याओं से संबंधित एक स्मार पत्र नगर विकास मंत्री को देकर उसके निदान की मांग करेगा। समारोह में भाजपा नेता दिनकर पंडित, सुफल झा, त्रिपुरारी शरण व रामश्रेष्ठ पांडेय सहित अन्य मौजूद थे।