Sunday, 6 January 2013
हादसों में दस की मौत
उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों में हादसों में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर घायल हो गए। इसमें शिवहर में छह, मोतिहारी, मधुबनी, समस्तीपुर व मुजफ्फरपुर में एक-एक लोगों की मौत हुई है।
बेलसंड।
तरियानी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शनिवार की रात करीब एक बजे ट्रक पलटने से पांच मजदूरों की मौत तालाब में डूबने से हो गई, जबकि दर्जन भर घायल हो गए। घटना उस वक्त घटी जब आसपास के 32 मजदूर रोहतास जिले से धान की कटनी एवं दौनी कर मजदूरी में मिले करीब दो सौ क्विंटल धान ट्रक पर लेकर अपने गांव लौट रहे थे। सोनबरसा ग्रामीण सड़क पर जैसे ही ट्रक एक किलोमीटर गई, पटोरी देवी स्थान के पास तालाब में पलट गई। ट्रक में लदे धान के ऊपर बैठे सभी मजदूर पानी में जा गिरे। ऊपर से धान के बोरों से दब गए। घटना अर्धरात्रि की है। सूचना मिलने पर तरियानी थानाध्यक्ष संजय सिंह पहुंचे। इधर जिला मुख्यालय से डीएम अनिल कुमार, एसडीओ मो. वारिस खान, डीएसपी एसएम वकील अहमद सहित अन्य पदाधिकारी पहुंचे। गोताखोरों व ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद पांच शवों को निकाला गया। उनकी पहचान देवेन्द्र राय(32) पिता रघुनाथ राय, मनोज राम(30) पिता रामेश्वर राम, संजय राम(30) पिता चरितर राम, विजय सहनी(33) पिता जनक सहनी सभी सोनबरसा निवासी एवं नरेश सहनी(28) पिता जवाहर सहनी ग्राम औरा के रूप में हुई। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी भेज दिया गया है। डीएम ने दुर्घटना स्थल पर जेसीबी मशीन व क्रेन भी बुलाया, जिसकी मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक यूपी एआर-1735 को निकाला गया। घटना में रोहतास से साथ आए किसान संतोष तिवारी, गुड्डू तिवारी, बीपी सिंह, मंडल पासवान के साथ मजदूर बिकाऊ कुमार, जयमंगल राम, हरिनंदन राम, दिनेश पासवान, सोमनाथ राय, परीक्षण राम, संजीव राम आदि घायल हुए हैं जो निजी तौर पर इलाज करवा रहे हैं। जबकि ट्रक चालक एवं खलासी फरार है। सोनबरसा व औरा के पांच युवकों की मौत के बाद गांव चीख व चीत्कार का माहौल है। मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 10 हजार रुपये एवं कबीर अंत्येष्टि के तहत पंद्रह सौ रुपये दिए गए हैं।
घटनास्थल पर विधायक सुनीता सिंह चौहान, जदयू नेता राणा रणधीर सिंह चौहान,बेलसंड नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र झा, मुखिया भानू पासवान, जदयू के प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, पंसस बच्चा प्रसाद सिंह, विश्वंभरपुर के पैक्स अध्यक्ष दिनेश साह सहित मुखिया अरविन्द कुमार समेत आसपास के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। इधर,शिवहर-पिपराही स्टेट हाईवे 54 पर मेसौढ़ा गांव के समीप ट्रैक्टर की ठोकर से अम्बा कला नंदलाल गिरि की मौत हो गई। पूर्वी चंपारण के थाना क्षेत्र के राजापुर मठिया चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर ट्रक पलटने से चालक सुनील यादव की मौत हो गई। मधुबनी के दसलाख चौक के निकट रेलवे कैंपस स्थित बस स्टैंड में सवारी टैक्सी से कुचलकर दानापुर गांव के रामचलित्तर शर्मा की मौत हो गई। समस्तीपुर के विद्यापतिनगर-महनार मुख्य पथ पर पिकअप वैन की चपेट में आने से नजबुल खातून ने दम तोड़ दिया। वहीं मुजफ्फरपुर के तुर्की ओपी के एनएच 77 स्थित मधौल के समीप हाइवा की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक वैशाली जिला अंतर्गत भगवानपुर थाना के सहथा गांव का निवासी राकेश कुमार श्रीवास्तव (35 वर्ष) बताया गया है। हाइवा गैमन इंडिया का बताया गया है।
Saturday, 5 January 2013
बेलसंड-चंदौली सड़क की बदहाली से परेशानी
बेलसंड। बेलसंड-चंदौली सड़क की बदहाली लोगों के लिए परेशानी का कारण बना है। पथ निर्माण विभाग की बेलसंड मीनापुर सड़क का यह भाग बाढ़ एवं बरसात के कारण काफी जर्जर हो चुका है। इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन जाने से सड़क का अस्तित्व समाप्त हो चुका है। गड्ढों की वजह से सड़क की पहचान कठिन हो गया है। इन सड़कों पर तीव्र गति से चलाने वाले आटो रिक्शा हमेशा दुर्घटना के शिकार होते रहते है। जर्जर सड़क और उस पर अनियंत्रित गति से आटो रिक्शा चलने के कारण पैदल चलने वालों को भी काफी कठिनाई होती है। खासकर बरसात के मौसम में जब गड्ढे पानी से भर जाते है, तब यात्रियों को हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पथ में चंदौली तटबंध के बाद सड़क का निशान भी नहीं बचा है।
Friday, 4 January 2013
लोहासी को निर्मल पंचायत बनाने का कार्य शुरू
बेलसंड। जिला जल एवं स्वच्छता समिति के तत्वावधान में प्रखंड के चयनित एक मात्र लोहासी को निर्मल पंचायत बनाने का काम गुरुवार से शुरू हो गया। मुखिया जग्रन्नाथ राय ने बताया कि इस पंचायत के वार्ड नंबर दस में सर्व प्रथम शौचालय का निर्माण प्रारंभ किया गया। इस योजना के तहत जनक शर्मा, गोरख शर्मा, परीक्षण महतो, लाल बाबू महतो, कमोद महतो, दिनेश महतो ने शौचालय का निर्माण प्रारंभ कर दिया गया है। इस पंचायत में इसके अन्तर्गत सभी वाडरे के शौचालय विहिन परिवारों को शौचालय का निर्माण एक दो दिनों के अंदर प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त जगह-जगह पर कूड़ादान, जल निकासी के लिए नाला, जल आपूर्ति के लिए मिनी जल मिनार एवं आवश्यकतानुसार चापाकल भी गाड़े जायेंगे।
ट्रक समेत कोयला जब्त दो गिरफ्तार
पकड़ीदयाल, अनुप्र : स्थानीय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर ढाका-पकड़ीदयाल पथ पर बड़कागांव के समीप तस्करी का एक ट्रक कोयला जब्त किया। साथ ही झारखंड के कोडरमा निवासी वाहन मालिक बैद्यनाथ यादव व ट्रक चालक प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। ट्रक पर लगभग बीस टन कोयला लदा हुआ है।
बेलसंड दूरभाष केंद्र में ऊर्जा की कमी
बेलसंड। बेलसंड दूरभाष केन्द्र में ऊर्जा की कमी की वजह से भारतीय दूरसंचार निगम की मोबाइल सेवा हमेशा बाधित रहती है। दिन में जेनरेटर सेट के माध्यम से ऊर्जा प्राप्त होने पर सुबह से दस बजे रात तक अनुमंडल मुख्यालय के आसपास इसका नेटवर्क कार्य करता है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क अनुपलब्ध रहने के कारण मधकौल, भंडारी, जाफरपुर सौली, रूपौली, ओलीपुर, लोहासी, दमामी इत्यादि गांव के उपभोक्ता इससे त्रस्त है। इस संबंध में पूछे जाने पर बेलसंड दूरभाष केन्द्र के तकनीशियन सुरेन्द्र झा ने बताया कि इस दूरभाष केन्द्र की बैट्री पुराना होने के कारण खराब हो गई है। जिससे समस्या उत्पन्न होती है। बैट्री के बदले बिना इस समस्या से निजात संभव नहीं है। इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र झा ने कहा कि इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मैं खुद बीएसएनएल का ग्राहक हूं। अगर ऐसा ही हाल रहा तो संबंधित अधिकारियों से इसकी शिकायत करनी पड़ेगी।
चेयरमैन ने कराया जिलाधिकारी को समस्याओं से अवगत
बेलसंड। बेलसंड नगर पंचायत अध्यक्ष नागेन्द्र झा ने बीडीओ कक्ष में जिलाधिकारी अश्विनी दतात्रेय ठकरे से मिलकर नगर पंचायत की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने नगर पंचायत में हो रहे विकास कार्यों से भी जिलाधिकारी को बताया और हरसंभव मदद एवं मार्गदर्शन मांगा।
इन्होंने 2008 से ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के लाभार्थियों को भुगतान नही होने की बात जिलाधिकारी से कहीं। उन्होंने कहा कि इससे जनता में रोष फैल रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने पारिवारिक लाभ योजना के 19 आवेदन लंबित होने, बीपीएल एवं अंत्योदय योजना के खाद्यान्न वितरण में अनियमितता, मुख्य सड़क के जर्जर नाले से जल जमाव की समस्या से निजात के लिए आरसीसी नाला का निर्माण कराने, नगर पंचायत के पूर्वी भाग के 5 वाडरे में आवागमन के लिए नाव व चचरी पुल के उपयोग होने की जानकारी देते जीर्णोद्धार की मांग शामिल है।
इसके साथ ही अध्यक्ष ने प्रखंड कार्यालय परिसर में नव निर्मित गोदाम में बिहार राज्य खाद्य निगम द्वारा खाद्यान्न रखने एवं अनुमंडल क्षेत्र के जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं को यही से खाद्यान्न उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। डीएम ने नगर पंचायत अध्यक्ष के बातों को बड़ी ही गंभीरता से सुना और हरसंभव मदद देने की बात कहीं। जिलाधिकारी ने बेलसंड बीडीओ को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के आवेदनों को अविलंब आरटीपीएस में डालकर उसका निष्पादन करने का निर्देश दिया। अन्य मांगों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ठाकरेे ने नगर पंचायत अध्यक्ष की बातों को बड़े ध्यान से सुना और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि बहुत दिनों बाद कोई अच्छा नेता से मेरी मुलाकात हुई है।
Thursday, 3 January 2013
नीतीश सरकार में नौ मंत्री करोड़पति
बेलसंड/पटना। बिहार में लगातार तीसरे वर्ष सार्वजनिक की गई संपत्तियों के ब्यौरे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अमीर उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य रहे जिसमें शिक्षा मंत्री प्रशांत कुमार शाही 4.64 करोड की जायदाद के साथ इस बार भी शीर्ष पर रहे। वर्ष 2012 के लिए सार्वजनिक किए गए संपत्तियों के ब्यौरे के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चल और अचल संपत्ति मिलाकर 46.10 लाख रुपए है जबकि उनक इकलौते पुत्र उनसे धनी हैं। मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार के पास 77.57 लाख रुपए की चल और अचल संपत्ति है। नीतीश सरकार के मंत्रियों में सबसे अधिक संपत्ति 4.64 करोड रुपए शाही ने घोषित की है जबकि सबसे कम श्रम संसाधन मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की है। सिग्रीवाल ने दावा किया है कि उनके पास 15.05 लाख रुपए की चल और अचल संपत्ति है। राज्य में कुल 28 मंत्री हैं और सिग्रीवाल और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शाहिद अली खान के पास ही नीतीश कुमार से कम संपत्ति है। सिग्रीवाल ने 15.05 लाख जबकि खान ने 17.20 लाख की संपत्ति की घोषणा की है। नीतीश सरकार में नौ मंत्री करोड़पति हैं उनके पास एक करोड से अधिक की चल और अचल संपत्ति है। शाही के बाद सबसे अधिक खनन एवं भूतत्व मंत्री सत्यदेव नारायण आर्य के पास 2.77 करोड रुपए की संपत्ति है और तीसरे नंबर पर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह हैं जिनकी संपत्ति 2.46 करोड की है। पिछली बार की तरह इस बार भी मंत्रियों द्वारा घोषित किए गए ब्यौरे के प्रारुप में एकरुपता नहीं है। कई मंत्रियों ने सोने चांदी के आभूषण और अपने वाहनों की कीमत का ब्यौरा नहीं दिया है। विधानसभा चुनाव 2010 के बाद से मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, विधायक, विधान पार्षद और सरकारी कर्मचारी प्रतिवर्ष अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक करते हैं। राज्य के परिवहन मंत्री वृशिन पटेल 1.94 करोड रुपए की चल और अचल संपत्ति के स्वामी हैं जबकि कानून मंत्री नरेंद्र नारायण यादव के पास 1.28 करोड रुपए की संपत्ति है। ग्रामीण विकास मंत्री नीतीश मिश्रा के पास कुल 1.39 करोड
रुपए की संपत्ति है। मिश्रा ने 1.06 करोड रुपए का एलआइसी से बीमा भी कराया है। मंत्रिमंडल में सबसे अधिक अमीर शिक्षा मंत्री प्रशांत कुमार शाही है जिनकी कुल चल और अचल संपत्ति 4.64 करोड रुपए है। वहीं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी 75.44 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उन पर बैंक और विभिन्न वित्तीय संस्थाओं की कर्ज के रूप में 23 लाख रुपए से अधिक की देनदारियां हैं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के पास 2.46 करोड की जबकि उनकी पत्नी के पास 1.13 करोड की संपत्ति हैं। नीतीश कुमार घनिष्ठ सहयोगी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास 46.30 लाख रुपए की संपत्ति है। उनकी पत्नी गंगा चौधरी अपने पति से अधिक अमीर हैं जिनके पास 78.70 लाख की संपत्ति है। गन्ना मंत्री अवधेश कुमार कुशवाहा के पास कुल 1.45 करोड रुपए की संपत्ति की है जबकि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्याम रजक के पास 1.09 करोड रुपए की संपत्ति है। उद्योग मंत्री रेणु कुमारी के पास कुल 85.26 लाख की संपत्ति है। नगर विकास एवं आवास मंत्री के पास 56.59 लाख रुपए की संपत्ति है। समाज कल्याण मंत्री परवीन अमानुल्लाह के पास 64.96 लाख की संपत्ति है।
रुपए की संपत्ति है। मिश्रा ने 1.06 करोड रुपए का एलआइसी से बीमा भी कराया है। मंत्रिमंडल में सबसे अधिक अमीर शिक्षा मंत्री प्रशांत कुमार शाही है जिनकी कुल चल और अचल संपत्ति 4.64 करोड रुपए है। वहीं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी 75.44 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उन पर बैंक और विभिन्न वित्तीय संस्थाओं की कर्ज के रूप में 23 लाख रुपए से अधिक की देनदारियां हैं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के पास 2.46 करोड की जबकि उनकी पत्नी के पास 1.13 करोड की संपत्ति हैं। नीतीश कुमार घनिष्ठ सहयोगी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास 46.30 लाख रुपए की संपत्ति है। उनकी पत्नी गंगा चौधरी अपने पति से अधिक अमीर हैं जिनके पास 78.70 लाख की संपत्ति है। गन्ना मंत्री अवधेश कुमार कुशवाहा के पास कुल 1.45 करोड रुपए की संपत्ति की है जबकि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्याम रजक के पास 1.09 करोड रुपए की संपत्ति है। उद्योग मंत्री रेणु कुमारी के पास कुल 85.26 लाख की संपत्ति है। नगर विकास एवं आवास मंत्री के पास 56.59 लाख रुपए की संपत्ति है। समाज कल्याण मंत्री परवीन अमानुल्लाह के पास 64.96 लाख की संपत्ति है।
Tuesday, 1 January 2013
सीधे समाचार पत्रों को प्रकाशनार्थ न भेजा जाए टेंडर
बेलसंड/पटना| नगर निकायों में टेंडर के नाम पर खेल तो नहीं चल रहा है? विभागीय स्तर पर काम में गड़बड़ी को देखते हुए सरकार ने टेंडर से निकायों में काम कराने कराती है। अब इसमें भी लगता है लोगों ने उपाय निकाल लिया है।
नगर विकास विभाग को भी इसकी शिकायत मिली है। शिकायत ऐसी कि इसका प्रकाशन प्रमुख समाचार पत्रों में नहीं होता। निकाय द्वारा सीधा अपने स्तर पर भी विज्ञापन जारी कर रहे हैं। इसमें गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए नगर विकास विभाग ने सभी नगर आयुक्तों, सभी जिला शहरी विकास अभिकरण के कार्यपालक अभियंताओं और नगर परिषदों व नगर पंचायतों के कार्यपालक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि समाचार पत्रों में निविदा का प्रकाशन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से ही कराया जाए। सीधे समाचार पत्रों को प्रकाशनार्थ न भेजा जाए। साथ ही निविदा के प्रकाशन के एक सप्ताह के अंदर बिना चूक के समाचार पत्र की कतरन विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
नगर विकास विभाग को भी इसकी शिकायत मिली है। शिकायत ऐसी कि इसका प्रकाशन प्रमुख समाचार पत्रों में नहीं होता। निकाय द्वारा सीधा अपने स्तर पर भी विज्ञापन जारी कर रहे हैं। इसमें गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए नगर विकास विभाग ने सभी नगर आयुक्तों, सभी जिला शहरी विकास अभिकरण के कार्यपालक अभियंताओं और नगर परिषदों व नगर पंचायतों के कार्यपालक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि समाचार पत्रों में निविदा का प्रकाशन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से ही कराया जाए। सीधे समाचार पत्रों को प्रकाशनार्थ न भेजा जाए। साथ ही निविदा के प्रकाशन के एक सप्ताह के अंदर बिना चूक के समाचार पत्र की कतरन विभाग को उपलब्ध कराई जाए।
Subscribe to:
Posts (Atom)


