Thursday, 7 March 2013

ध्वस्त हो रही पानी टंकी को चालू करने की कवायद

बेलसंड। अनुमंडल कार्यालय नजदीक स्थापित विशालकाय पानी टंकी ध्वस्त होने के कगार पर है। पीएचईडी की लापरवाही के कारण करीब एक दशक से निर्मित पानी टंकी से आज एक बूंद पानी नहीं टपक रहा। लाखों रुपये की लागत से इस टंकी का निर्माण कराया गया था, जो आज कई वर्षों से लोगों का मुंह चिढ़ा रहा है। एक समय पूरे शहर में इस पानी टंकी से पानी सप्लाई की जाती थी, लेकिन अब इस पानी टंकी से पानी सप्लाई नहीं होती है। राज्य में नई सरकार बनने के बाद भी इस पानी टंकी से पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो पाई। इसके पीछे स्थानीय प्रशासन भी कम जिम्मेवार नहीं है। लेकिन बेलसंड नगर पंचायत में नई सरकार के गठन के बाद से नगर अध्यक्ष ने इस पानी टंकी को ठीक करा कर शहर में पेयजल आपूर्ति कराने का प्रयास शुरू कर दिया था। इ स बाबत नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र झा ने कहा कि हमारी सरकार की एक राय पानी टंकी को लेकर है। इसकी कवायद शुरू हो गई है। शहरी विकास मंत्री ने पानी टंकी को फिर से चालू करने की हरी झंडी दे दी है,इस पर कार्य चालू है। स्थानीय प्रशासन से भी भरपूर मदद मिल रहा है। अगर इस टंकी को चालू कर दिया जाता, तो शहर की आधी आबादी को पानी की समस्या से मुक्ति मिल जाती।

लिच्छवी एक्सप्रेस का परिचालन 15 से

बेलसंड: सीतामढ़ी को देश की राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली एक मात्र सीतामढ़ी - नई दिल्ली लिच्छवी एक्सप्रेस का परिचालन आगामी 15 मार्च से शुरू होगा। इसके साथ ही यहां के लोगों की परेशानी कम होगी। लिच्छवी का परिचालन दिसंबर से ही बंद है। जनवरी में यह समस्तीपुर से खुल रही थी। बाद में कोहरों के चलते इस का परिचालन रद कर दिया गया। वहीं 17 फरवरी से परिचालन शुरू कराने की बात कहीं गई। लेकिन फरवरी में इसके परिचालन की मियाद बढ़ा कर 17 मार्च कर दी गई थी। इसी बीच आम जनता के बीच उठ रहे सवालों के बाद रेलवे ने दो दिन पूर्व 15 मार्च से सीतामढ़ी से लिच्छवी का परिचालन शुरू कराने की घोषणा की है। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर अनिल कुमार राय ने दी है।

Wednesday, 6 March 2013

महिला दिवस पर जागरुकता शिविर

बेलसंड/रीगा: अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर स्थानीय पीएचसी में सेव द चिल्ड्रन के सहयोग से स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए 8 मार्च को कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में पोस्टर लगाकर व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया जायेगा। स्वास्थ्य प्रबंधक अरुण कुमार प्रशांत ने बताया कि उक्त कार्यक्रम सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर भी आयोजित होंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम डा. प्रतिभा एसके वर्मा, सीएस डा. ओम प्रकाश पंजियार द्वारा हरि झंडी दिखाकर किया जायेगा।

शहरी इलाकों की नए सिरे से व्यवस्थित बिजली व्यवस्था

बेलसंड। 71 शहरी इलाकों की विद्युत व्यवस्था को नये सिरे से व्यवस्थित किया जाएगा। अभी तक बिजली की पुरानी संरचना पर ही काम चलाया जा रहा है। विधान परिषद में बुधवार को विभागीय अनुदान मांग पर पेश कटौती प्रस्ताव पर हुई बहस के बाद जवाब देते हुए ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सरकार मिशन 2015 तथा 2020 पर काम कर रही है। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने करबिगहिया में पांच पांच मेगावाट की तीन यूनिट स्थापित थी। इनसे राजभवन, विधानसभा, रेलवे स्टेशन समेत तमाम स्थानों पर विद्युत आपूर्ति होती थी। शहरीकरण हुआ, आबादी बढ़ी लेकिन बिजली की अधिसंरचना में बदलाव नहीं हुआ। पुरानी संरचना पर ही काम चलाया जा रहा है। सरकार ने पूरी व्यवस्था की नये सिरे से नवीकरण की योजना तैयार की है। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुये यादव ने कहा कि पिछली सरकार लालटेन की थी। बिजली और लालटेन परस्पर विरोधी है। जाहिर है कि पिछली सरकार में बिजली क्षेत्र में कोई काम ही नहीं हुआ। बिजली आवश्यकता लगातार बढ़ती गयी और हम वहीं के वहीं खड़े रहे। अब सरकार मिशन 2015 व मिशन 2020 पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने वादा किया है कि 2015 तक बिजली के मामले में हम आत्मनिर्भर हो जाएंगे। इस मिशन पर छह हजार करोड़ खर्च किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि 2020 तक हम अपनी आवश्यकता से ज्यादा बिजली उत्पादित करेंगे। इसके लिए सोलह हजार करोड़ की आवश्यकता होगी। वर्ष 2015 तक हमारा लक्ष्य 5300 मेगावाट बिजली उत्पादन का है। आज मांग 2000 मेगावाट की है। उस समय तक इसके 3500 मेगावाट तक पहुंच जाने की उम्मीद है। वर्ष 2020 में 17-18 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य है। इसके लिए प्रयास किये जा रहे हैं।

Monday, 4 March 2013

462 में 9 छात्र ही मिले उपस्थित

बेलसंड। शिक्षा में सुधार की कवायद शिक्षकों की मनमानी से बदतर स्थिति में पहुंचती जा रही है। वहीं मध्याह्न् भोजन में लूट जारी है। मध्याह्न् भोजन बना नही, लेकिन रजिस्टर में मेनू के अनुसार बना दर्शाया गया है। इसका खुलासा शनिवार को बीडीओ के निरीक्षण में हुआ है। बीडीओ अनवार अहमद ने कन्हौली गजपति मध्य विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में काफी अनियमितता पायी गई। उन्होंने बताया कि उक्त विद्यालय के खिलाफ लगातार अनियमितता की शिकायत मिल रही थी,। जिसके आलोक में उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय में पदस्थापित छह शिक्षकों में मात्र तीन ही उपस्थित थे। तीन बिना कारण बताए अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय में नामांकित 462 छात्र में दिन के एक बजे मात्र 9 छात्र उपस्थित थे। उपस्थिति पंजी का जांच करने के बाद कुल उपस्थित छात्रों की संख्या 290 पायी गई। मध्याह्न् भोजन पंजी का निरीक्षण किया गया, तो पंजी में भी 290 छात्रों की उपस्थिति दर्शाया गया था और साथ ही मेनू के अनुसार खाना भी बना हुआ दर्शाया गया था। जबकि मध्याह्न् भोजन बनाया ही नहीं गया था। इस अनियमितता के लिए विभाग को कार्रवाई हेतु लिखा गया है।

जांच शिविर का आयोजन

बेलसंड: प्रखंड के मध्य विद्यालय सिरोपट्टी में लक्ष्मणा आई हास्पीटल मुजफ्फरपुर के तत्वावधान में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डुमरा-नुनौरा पंचायत के पूर्व मुखिया मनोज कुमार सिंह ने किया। शिविर में गांवों से आए 282 मरीजों का नेत्र परिक्षण किया गया। जिसमें 73 मरीजों को मोतियाविन्द के आपरेशन के लिए लक्ष्मण आई हास्पीटल रेफर किया गया। अस्पताल के निदेशक ठाकुर धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि यह अस्पताल बेलसंड प्रखंड के पूर्व मुखिया स्व. लक्ष्मण प्रसाद सिंह की स्मृति में स्थापित किया गया है। जहां क्षेत्र के लोगों को प्रथम प्राथमिकता दी जाती है। सभी मरीजों को नि:शुल्क लेंस लगा कर आपेरशन किया जाएगा तथा दवा चश्मा, भोजन व यातायात व्यवस्था भी नि:शुल्क उपलब्ध करायी जाएगी। शिविर में समाजिक कार्यकर्ता नंद कुमार सिंह, गिरीश नंदन सिंह, बालेश्वर शर्मा, लाल बाबू सहनी, नन्दू महतो, कृष्ण नंदन सिंह, मुन्ना सिंह, राम बाबू सिंह, नागा सिंह, अमित कुमार सिंह, उमाशंकर साह मौजूद थे।

Saturday, 2 March 2013

नगर को मिलेगी चकाचक बिजली

तार बदलने की तैयारी बेलसंड। नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगे जर्जर विद्युत तार से जल्द ही निजात मिलेगी। इस कार्य के लिए कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब बिजली के तारों की बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। बेलसंड नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि शहर के ज्यादातर हिस्से में लगे तार कई साल से नहीं बदलने से बिजली फाल्ट की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा था। इसी को लेकर स्थानीय विधायक से इसके बारे में बात की गई तो उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन से बात की। जिला प्रशासन ने नगर पंचायत के तारों को बदलने के डेटा तैयार करने की बात कहीं गई। नगर पंचायत ने इसके लिए बैठक होगी। जिला प्रशसन से तार की डिलेवरी हो गई है। अब स्थानीय स्तर पर तार बदलने की तैयारी शुरू हो जाएगी। सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि शहर के जर्जर तार बदले जायेंगे। साथ ही शहर के अन्य भागों में भी लगे जर्जर तार को चिन्हित कर प्राक्कलन जल्द ही तैयार किया जायेगा। गर्मी में होने वाली बिजली की संभावित किल्लत से निपटने के लिए लाइनों को अपडेट करेगा। इसके अलावा जर्जर हाल ट्रांसफार्मर को भी दुरुस्त कराया जाएगा। बिजली विभाग के एसडीओ ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्मी के दस्तक देने के साथ ही बिजली की किल्लत ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। तारों को बदलने का काम शीघ्र शुरू किया जाएगाए ताकि गर्मी में ओवर लोडिंग की वजह से तार टूटने और ट्रांसफॉर्मर के फुंकने का खतरा न हो। इसके साथ ही बिजली की सप्लाई भी पर्याप्त मात्रा में मिलेगी। नगर क्षेत्र की अधिकांश लोग कटिया डालकर बिजली चोरी करते हैं। इससे चिंगारी निकलती है और तार गलने लगती हैं। शहर में सबसे ज्यादा बिजली के तार खराब होने की घटनाएं नगर क्षेत्र में ही होती हैं। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि नगर में बेहतर रोशनी के लिए नगर पंचायत में कुछ चिह्ति जगहों पर वैपर लाइट लगाने का भी कार्य शुरू हो जाएगा। नगर में वैपर लाईट लगने के बाद शहर पूरी तरह रोशन हो जाएगा। कई इलाके ऐसे हैं जहां रात से रात में गुजरना लोगों के लिए मुश्किल होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार से शहर में वैपर लाईट लगाने की मांग की गई थी इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नगर पंचायत में वैपर लाइट लगाने की स्वीकृति दे दी गई है। बेलसंड को ब्लाग को उन्होंने बताया कि कुछ ही दिनों में शहर रोशन मिलेगा। व्यवसायियों को व्यवसाय करने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। बुर्जुगों को भी रात में चलने-फिरने में दिक्कत नहीं होगी।