Thursday, 28 February 2013

एसडीओ ने किया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण

बेलसंड। एसडीओ डा. विद्यानंद सिंह ने बुधवार को प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया तथा बीडीओ अनवार अहमद को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसडीओ ने लोक सूचना अधिकार के तहत लिए जाने वाले आवेदनों के लिए अलग से काउंटर बनाने का निर्देश बीडीओ को दिया। साथ ही प्रखंड में चल रहे विकास योजनाओं को संतोष जनक बताते हुए तेजी लाने को कहा। मौके पर बीएओ सुधीर कुमार मांझी समेत अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।

बजट की पूरी फाइल पढ़े बेलसंड ब्लाग पर

बजट की पूरी फाइल पढ़े बेलसंड ब्लाग पर

Wednesday, 27 February 2013

सीता की भूमि को मिली आधा दर्जन ट्रेनें

बेलसंड। रेल मंत्री पवन बंसल ने जनगतजननी सीत की जन्मस्थली के सौगातों की बारिश कर दी। रेलमंत्री पीके बंसल द्वारा मंगलवार को संसद में पेश रेल बजट भले ही सूबे के लिए खास नहीं है, लेकिन सीतामढ़ी के लिए यह रेल बजट एक्सप्रेस तो नहीं, लेकिन उम्मीदों की मालगाड़ी कहा जा सकता है। सीतामढ़ी से कोलकाता के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी मिली है। यह ट्रेन सीतामढ़ी से दरभंगा, बरौनी व झाझा होते हुए कोलकाता जाएगी। ट्रेन संख्या 14007 व 14008 दिल्ली-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस अब रक्सौल से खुलेगी, जो सीतामढ़ी, रुन्नीसैदपुर होते हुए मुजफ्फरपुर के रास्ते दिल्ली को रवाना होगी। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। ट्रेन संख्या 17005 व 17006 दरभंगा-हैदराबाद एक्सप्रेस का विस्तार रक्सौल से किया गया है। अब रक्सौल से सीतामढ़ी, दरभंगा होते हुए यह ट्रेन हैदराबाद जाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 12545 व 12546 लोक मान्य तिलक एक्सप्रेस जो दरभंगा से मुंबई जाती थी। अब यह रक्सौल से सीतामढ़ी व दरभंगा होते हुए मुंबई जाएगी। जबकि सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर दो जोड़ी सवारी गाड़ी के परिचालन की मंजूरी इस बजट में मिली है।

Tuesday, 26 February 2013

सड़क अतिक्रमण से आवागमन में परेशानी

बेलसंड। नगर पंचायत के मुख्य सड़क को अतिक्रमित कर यातायात को बाधित करना स्थानीय लोगों का शगल बन चुका है। स्थानीय लोगों के इस शगल को पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की भी मौन सहमती प्राप्त होना स्पष्ट दिख रहा है। नगर पंचायत के नागरिकों की देखा देखी इस पंचायत में सड़क एवं नालों का निर्माण करने वाले संवेदक भी सड़क को अतिक्रमित करने में नहीं हिचक रहे है। संवेदक भी मुख्य पथ पर जगह-जगह गिट्टी गिराकर सड़क को अतिक्रमित कर देते है। इससे आने-जाने वाले को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। मुख्य पथ में लगातार जारी अतिक्रमण को देखकर रास्ते से गुजरने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी चुपचाप गुजर जाते है। इस संबंध में बेलसंड नगर पंचायत के चेयरमैन का कहना है कि अतिक्रमण की समस्या से पूरा देश जूझ रहा है। इसके पीछे आबादी है। जहां तक बेलसंड नगर पंचायत की बात है तो ग्रामीण सोच को शहरी सोच में बदलना एक बड़ा चैलेंज होता है। इस समस्या से नगर निगम भी ग्रसित है। नगर पंचायत शहरीकरण की प्रथम सीढ़ी है। इसलिए यहां पर अतिक्रमण पर लगाम लगाना मुश्किल है। लेकिन लोगों के सोच में बदलाव लाकर अतिक्रमण पर रोक लगाने के लिए मुहिम जारी है। आपको कुछ ही दिनों में असर दिखने लगेगा।

Monday, 25 February 2013

रेलमंत्री से काफी उम्मीदें

बेलसंड। रेल मंत्री पवन कुमार बंसल अपना पहला रेल बजट पेश करेंगे और सबकी नजर इस पर होगी कि क्या वह एक बार फिर किराया बढ़ाएंगे या फिर संसाधन जुटाने के अन्य उपाय अपनाएंगे। हाल ही में डीजल को लगभग नियंत्रणमुक्त किए जाने के बीच रेलवे पर यात्री किराया और मालभाड़ा बढ़ाने का दबाव बढ़ गया है। सूत्रों ने कहा कि बंसल 26 फरवरी को अपने पहले रेल बजट में कैटरिंग सेवा में सुधार, स्टेशनों के विकास के संबंध में नई पहल और करीब 100 नई ट्रेनें शुरू करने जैसे यात्री अनुकूल उपायों की घोषणा कर सकते हैं। हाल ही में रेल मंत्री ने पत्रकारों से कहा था कि डीजल के दाम में वृद्धि ने रेलवे को हल में की गई किराया वृद्धि से होने वाली अतिरिक्त आय को बराबर कर दिया है। रेलवे को यात्री किराए में की गई बढ़ोतरी से 3,300 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आमदनी होने की संभावना है पर डीजल के थोक भाव में 10 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी से रेलवे का खर्च बढ गया है। उल्लेखनीय है कि नकदी के संकट से जूझ रही रेलवे ने 22 जनवरी को यात्री किराए में 21 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। रेल बजट को लेकर लोगों में उत्सुकता है। बेलसंड नगर पंचायत के वार्ड नं एक के पार्षद नथुनी आलम को इस बार के रेल बजट से काफी उम्मीदें है। उनका कहना है कि रेलमंत्री इस बार कुछ ऐसा बजट पेश करें ताकि लोगों में कांग्रेस पार्टी के प्रति झुकाव हों। वहीं वार्ड नं. ९ में स्थित पायल स्टोर के संचालक का कहना है कि रेलमंत्री को रेलमाल भाड़े के बारे में कोई भी फैसला सोच समझकर लेना चाहिए ताकि व्यवासायियों के व्यवसाय पर विपरित प्रभाव न पड़े और वे अच्छे तरीके से अपने व्यवसाय को चला सकें। वार्ड नं. तीन के रहने वाले रामबाबू प्रसाद का कहना है कि इस बार का बजट से व्यवसायियों को काफी उम्मीदें हैं। देखते हैं नए रेल मंत्री बाकि रेल मंत्री से हट कर जनता के उम्मीदों पर कितने खड़े उतरते हैं। वार्ड नं. सात के मो. आलम का कहना है कि रेलमंत्री से एकमात्र यहीं उम्मीद है कि वे बेलसंड के झोली में भी कुछ तोहफा सौंपे,ताकि लोगों को यात्रा आदि में सुविधा हों। बेलसंड नगर पंचायत के चेयरमैन का कहना कि रेलमंत्री पवन बंसल को एक मिशाल पेश करनी चाहिए। आम जनता,व्यवसायियों को ध्यान में रखकर एक जानदार बजट पेश करना उनके और उनके पार्टी के लिए अच्छा होगा।

Sunday, 24 February 2013

दुर्घटना में बाल-बाल बची बेलसंड विधायक

बेलसंड/ परसौनी। क्षेत्र दौरे पर जा रही जदयू विधायक सुनीता सिंह चौहान व उनके पति राणा रणधीर सिंह चौहान सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को बेलसंड विधायक अपने पति व जदयू के वरिष्ठ नेता के साथ क्षेत्र दौरे पर जा रही थी कि पमरा-बेलसंड पथ में मदनपुर पुल के समीप पहुंच पथ से उनकी वाहन फिसलकर पलट गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना का कारण पुल के समीप मिट्टी का फिसलन भरा पहुंच पथ बताया गया है। लोगों का कहना था पूर्व में भी यहां कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। संवेदक की लापरवाही के कारण पहुंच पथ का पक्कीकरण अधूरा है। नतीजा हल्की बारिश में पहुंच पथ में फिसलन हो जाती है। दुर्घटना बाद विधायक ने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को अविलंब पहुंच पथ को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर बेलसंड नगर पंचायत के अध्यक्ष नागेंद्र झा ने विधायक एवं जदयू नेता से कुशलक्षेम पूछा।

कन्या विवाह का चेक वितरित

बेलसंड। आखिरकार चेयरमैन(मुख्य पार्षद)की मेहनत रंग लाई। नगर पंचायत के सभाकक्ष में समारोह आयोजित कर मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 250 लाभार्थियों के बीच 12.50 लाख रुपये का चेक वितरित किए गए। मुख्य पार्षद नागेन्द्र झा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्य पार्षद रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी विवेक कुमार सिन्हा, वार्ड पार्षद शकुंतला देवी, शैल देवी व विनोद पासवान समेत अन्य पार्षद मौजूद थे। मुख्य पार्षद श्री झा ने सभी लाभार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये के चेक प्रदान किए। विदित हो कि नगर पंचायत में वर्षो से इस योजना के लाभान्वितों की संचिका पड़ी हुई थी। डीएम के बेलसंड दौड़े के क्रम में इसकी शिकायत मुख्य पार्षद द्वारा की गई थी। डीएम के निर्देश के आलोक में लंबित योजना का निपटारा कर राशि का वितरण किया गया। ज्ञात हो कि नगर पंचायत में गरीबी रेखा के नीचे जीवन बसर करने वाले परिवार इस योजना के लाभ से वंचित थे। ग्रामीण क्षेत्रों के निर्धन परिवारों की भांति शहरी क्षेत्र के लोगों ने आवेदन दिया था। जिस का निष्पादन नहीं हो सकने के बाद बेलसंड नगर पंचायत के मुख्य पार्षद नागेंद्र झा ने बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शहरी क्षेत्र के लोगों को भी योजना के लाभ दिलाने का अनुरोध किया था। लेकिन जानकारी के अभाव में अधिकारीगण इस पर कोई ठोस कदम उठाने में कामयाब नहीं हो सकें थे। चेयरमैन के तरफ से लगातार हो रही मांगों को देखते हुए आखिरकार कार्यपालक पदाधिकारी ने जिला समाहर्ता को पत्र लिखकर मार्गदर्शन करने की मांग की थी। चेयरमैन की शिकायत रंग लाई और अधिकारियों के सहयोग से बेलसंड नगर पंचायत के लोगों को इस योजना का लाभ मिला। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना रू. इस महत्वकांक्षी योजना के अन्तर्गत बी0पी0एल0 परिवार को ऐसे बालिकाओं के जिनका जन्म नवम्बर 2007 के पश्चात हुआ है आर्थिक लाभ पहुचाने के उदेश्य से यु0टी0आई0 के माध्यम से लाभान्वित किया जाता है, जिसके अनुसार 18 वर्ष की आयु पूरा होने के पश्चात एक मुस्त राशि सरकार के द्वारा उपलब्ध कराई जाती है। इन बालिकाओं के आवेदन पत्र उसके पोषक क्षेत्र के आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से यु0टी0आई0 को भेजा जाता है। जहा से उन्हे बॉण्ड निर्गत होने के पश्चात पुन: ऑगनबाडी के द्वारा अंश दान के रूप में सरकार के द्वारा कुछ नहीं देना होता है, बल्कि इस राशि को सरकार एवं यु0टी0आई0 के द्वारा अंश दान के रूप में भुगतान किया जाता है।