Friday 10 August 2012

देशभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई

देशभर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। तमाम मंदिरों में आकर्षक झांकियां सजाई गईं, पूजा-अर्चना की गई। वातावरण कृष्ण भक्ति से सराबोर रहा। हर कहीं राधे-राधे और जय श्रीकृष्ण की गूंज सुनने को मिली।

दिल्ली में सुबह से ही बिड़ला मंदिर, इस्कॉन मंदिर अक्षरधाम मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां कीर्तन व विशेष पूजा-अर्चना के साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। रात को श्रीकृष्ण के महाभिषेक का आयोजन होगा। मंदिरों में पुजारी कृष्ण की मूर्ति को पानी व दूध के मिश्रण से स्नान कराएंगे।

दक्षिण दिल्ली स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए 51 किलोग्राम का कृष्णा केक बनाया गया है। ज्यादातर श्रद्धालु मध्यरात्रि तक व्रत जारी रखेंगे। माना जाता है कि मध्यरात्रि में जेल में कृष्ण ने देवकी के गर्भ से जन्म लिया था।

भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में जन्माष्टमी का पर्व मनाने के लिए शुक्रवार को हजारों श्रद्धालु वहां पहुंचे। बरसों बाद जन्माष्टमी के दिन मथुरा में भारी बारिश हो रही है, ठंडी हवा बह रही है और बादल छाए हुए हैं। ऐसा माना जाता है कि करीब 5,000 वर्ष पहले बारिश व तूफान से भरी रात में मथुरा में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था।

जन्माष्टमी पर मथुरा में उत्सव का रंग बिखरा हुआ है। हजारों श्रद्धालु मथुरा पहुंच रहे हैं। होटल और धर्मशाला पूरी तरह से भर गए हैं।

वृंदावन व मथुरा के कुछ मंदिरों में श्रीकृष्ण की मूर्तियों पर दूध, दही और शहद चढ़ाकर व विशेष प्रार्थनाएं कर पहले ही यह उत्सव मनाया जा चुका है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य आयोजन श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में हो रहा है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित कई शहरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर राजधानी में कई जगहों पर भव्य झाकियों का आयोजन किया गया। प्रदेश के कुछ शहरों में गुरुवार को ही जन्माष्टमी मनाई गई। राजधानी लखनऊ, वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, आगरा और कई अन्य शहरों में जन्माष्टमी आज मनायी जा रही है।

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर पटना सहित बिहार के अधिकांश मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। अंतर्राष्ट्रीय श्रीकृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) द्वारा शुक्रवार की रात श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन रखा गया है।

पटना के रामजानकी चौराहा स्थित राधा-कृष्ण और भगवान जगन्नाथ मंदिर में जन्मोत्सव की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। रात में भजन-कीर्तन और भगवान कृष्ण की झांकी की भी तैयारी की गई है। पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में गुरुवार से तीन दिवसीय प्रवचन का कार्यक्रम चल रहा है। इस दौरान रातभर भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा है।

इसके अलावा राज्य के बक्सर, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, पूर्णिया, औरंगाबाद व मुंगेर सहित कई जिलों में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया

मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल के मंदिरों में सुबह से ही कृष्ण भक्ति में डूबे भजनों की गूंज सुनाई दे रही है। बिड़ला मंदिर में सुबह से ही श्रद्घालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में आकर्षक झांकी बनाई गई है।

इंदौर के यशोदा मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्घालु पूजा अर्चना कर रहे हैं। मान्यता है कि इस मदिर में पूजा करने से संतान प्राप्ति की कामना पूरी होती है। यह उन विरले मंदिरों में से है, जहां यशोदा अपनी गोद में कृष्ण के बालस्वरूप को लिए हुए हैं। जबलपुर के मंदिरों मे भी सुबह से ही कृष्ण की जय-जयकार हो रही है। यहां के पंचनधा मंदिर में विशेष पूजा का दौर जारी है।

इस अवसर पर जगह-जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

No comments:

Post a Comment