Wednesday 26 December 2012

डुमरा नप अध्यक्ष की कुर्सी पर रामनंदन काबिज

सीतामढ़ी : अविश्वास प्रस्ताव के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा बहुमत साबित नहीं करने पर बुधवार को हुए मतदान में रामनंदन मंडल ने डुमरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से देवेंद्र पासवान को चुना गया। रामनंदन मंडल ने विमला सिन्हा को एक मत से शिकस्त दे कर कुर्सी पर कब्जा जमाया। श्री मंडल को छह व श्रीमती सिन्हा को पांच मत मिले। अनुमंडल पदाधिकारी सदर के कार्यालय कक्ष में बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान की प्रक्रिया हुई। जिसमें वार्ड संख्या दस के पार्षद रामनंदन मंडल व वार्ड चार की पार्षद विमला सिन्हा के बीच मुकाबला हुआ। उपाध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति से देवेन्द्र पासवान को चुना गया।
मौके पर डीडीसी मनोज कुमार, एसडीओ सदर राजेश कुमार व डुमरा बीडीओ अजीत कुमार मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर डुमरा थानाध्यक्ष मिहिर कुमार सशस्त्र बल के साथ तैनात थे। मालूम हो कि 21 नवम्बर को डुमरा नगर पंचायत अध्यक्ष शिव कुमार अग्रवाल पर सदस्यों द्वारा अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। 30 नवम्बर को हुई बैठक में श्री अग्रवाल बहुमत नहीं जुटा पाए थे। 2 मई को उपाध्यक्ष सुनीता चौधरी भी अपना बहुमत नहीं जुटा पाई। तब से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का पद रिक्त था। निर्वाचन आयोग द्वारा 26 दिसम्बर को चुनाव की तिथि मुकर्रर की गई थी। इसके आलोक में बुधवार को चुनाव की प्रक्रिया हुई।

No comments:

Post a Comment