Thursday 3 January 2013

नीतीश सरकार में नौ मंत्री करोड़पति

बेलसंड/पटना। बिहार में लगातार तीसरे वर्ष सार्वजनिक की गई संपत्तियों के ब्यौरे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से अमीर उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य रहे जिसमें शिक्षा मंत्री प्रशांत कुमार शाही 4.64 करोड की जायदाद के साथ इस बार भी शीर्ष पर रहे। वर्ष 2012 के लिए सार्वजनिक किए गए संपत्तियों के ब्यौरे  के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चल और अचल संपत्ति मिलाकर 46.10 लाख रुपए है जबकि उनक इकलौते पुत्र उनसे धनी हैं। मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार के पास 77.57 लाख रुपए की चल और अचल संपत्ति है।  नीतीश सरकार के मंत्रियों में सबसे अधिक संपत्ति 4.64 करोड रुपए शाही ने घोषित की है जबकि सबसे कम श्रम संसाधन मंत्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की है। सिग्रीवाल ने दावा  किया है कि उनके पास 15.05 लाख रुपए की चल और अचल संपत्ति है। राज्य में कुल 28 मंत्री हैं और सिग्रीवाल और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री शाहिद अली खान के पास ही नीतीश कुमार से कम संपत्ति है। सिग्रीवाल ने 15.05 लाख जबकि खान ने 17.20 लाख की संपत्ति की घोषणा की है।  नीतीश सरकार में नौ मंत्री करोड़पति हैं उनके पास एक करोड से अधिक की चल और अचल संपत्ति है। शाही के बाद सबसे अधिक खनन एवं भूतत्व मंत्री सत्यदेव नारायण आर्य के पास 2.77 करोड रुपए की संपत्ति है और तीसरे नंबर पर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह हैं जिनकी संपत्ति 2.46 करोड की है।  पिछली बार की तरह इस बार भी मंत्रियों द्वारा घोषित किए गए ब्यौरे के प्रारुप में एकरुपता नहीं है। कई मंत्रियों ने सोने चांदी के आभूषण और अपने वाहनों की कीमत का ब्यौरा नहीं दिया है।  विधानसभा चुनाव 2010 के बाद से मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, विधायक, विधान पार्षद और सरकारी कर्मचारी प्रतिवर्ष अपनी संपत्ति का ब्यौरा सार्वजनिक करते हैं।  राज्य के परिवहन मंत्री वृशिन पटेल 1.94 करोड रुपए की चल और अचल संपत्ति के स्वामी हैं जबकि कानून मंत्री नरेंद्र नारायण यादव के पास 1.28 करोड रुपए की संपत्ति है। ग्रामीण विकास मंत्री नीतीश मिश्रा के पास कुल 1.39 करोड
रुपए की संपत्ति है। मिश्रा ने 1.06 करोड रुपए का एलआइसी से बीमा भी कराया है।  मंत्रिमंडल में सबसे अधिक अमीर शिक्षा मंत्री प्रशांत कुमार शाही है जिनकी कुल चल और अचल संपत्ति 4.64 करोड रुपए है। वहीं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी 75.44 लाख रुपए की संपत्ति के मालिक हैं। उन पर बैंक और विभिन्न वित्तीय संस्थाओं की कर्ज के रूप में 23 लाख रुपए से अधिक की देनदारियां हैं।  कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह के पास 2.46 करोड की जबकि उनकी पत्नी के पास 1.13 करोड की संपत्ति हैं। नीतीश कुमार घनिष्ठ सहयोगी और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के पास 46.30 लाख रुपए की संपत्ति है। उनकी पत्नी गंगा चौधरी अपने पति से अधिक अमीर हैं जिनके पास 78.70 लाख की संपत्ति है।  गन्ना मंत्री अवधेश कुमार कुशवाहा के पास कुल 1.45 करोड रुपए की संपत्ति की है जबकि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्याम रजक के पास 1.09 करोड रुपए की संपत्ति है। उद्योग मंत्री रेणु कुमारी के पास कुल 85.26 लाख की संपत्ति है। नगर विकास एवं आवास मंत्री के पास 56.59 लाख रुपए की संपत्ति है। समाज कल्याण मंत्री परवीन अमानुल्लाह के पास 64.96 लाख की संपत्ति है।

No comments:

Post a Comment